धमतरी-
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का शनिवार को गांधी मैदान में समापन एवं सम्मान समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पमाला अर्पण के साथ किया गया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान धमतरी पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान हेलमेट जागरूकता रैली, वाहन चालकों के लिए नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, लर्निंग लाइसेंस शिविर, हेलमेट पहनने वाले दोपहिया चालकों का सम्मान, सारथी सम्मान, यातायात नियमों की जानकारी तथा स्कूलों कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।समापन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान की अवधि एक सप्ताह से बढ़ाकर एक माह की गई। उन्होंने शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों के पालन की अपील की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि सामाजिक संगठनों के सहयोग से चलाए गए अभियानों के सकारात्मक परिणामस्वरूप जिले में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जिसे आगामी समय में 12 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नाबालिगों को वाहन न चलाने देने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया।कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग से अनेक जानें बचाई जा सकती हैं। सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को सामाजिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित करती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष जिले में 200 से अधिक लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में होती है। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीट बेल्ट और हेलमेट की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए इन्हें जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा दुर्घटनाग्रस्तों की सहायता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले यातायात पुलिस कर्मियों, गुड सेमेरिटन, सामाजिक संगठनों, मेडिकल टीम, सांस्कृतिक दलों एवं सहयोगी संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही यातायात जागरूकता से जुड़ी वाद-विवाद, रंगोली, स्लोगन, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प बनाएं। यह स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। समापन कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव, सीएमएचओ यू.एल.कौशिक, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी अधिकारीगण, जिला परिवहन अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।