जिले के शहरी विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में धमतरी को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर में भव्य, सुव्यवस्थित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन द्वारा 1770.04 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि 1767.91 लाख रुपये की निविदा राशि स्वीकृत की गई है।यह हाईटेक बस स्टैंड ग्राम अर्जुनी, धमतरी स्थित खसरा नंबर 35 में 2.01 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से धमतरी को एक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परिवहन केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी, जिससे यात्रियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।आधुनिक टर्मिनल भवन एवं उन्नत यात्री सुविधाएं परियोजना के अंतर्गत भूतल, प्रथम तल एवं टेरेस फ्लोर युक्त भव्य एवं आधुनिक टर्मिनल भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन को आकर्षक स्वरूप देने हेतु उन्नत वाल क्लैडिंग कार्य किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी ग्लो मैट्रिक्स स्क्रीन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें बसों के आगमन एवं प्रस्थान से संबंधित जानकारी प्रदर्शित होगी।बेहतर यातायात, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था बस स्टैंड परिसर में सीमेंट कंक्रीट सड़क, विशाल पार्किंग व्यवस्था, बाउंड्री वॉल एवं ग्रिल बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक वर्क, हरित लैंडस्केपिंग तथा आरसीसी ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाएगा। जल आपूर्ति के लिए बोरवेल एवं आधुनिक जलप्रदाय व्यवस्था स्थापित की जाएगी। वहीं सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 25 मीटर ऊँचाई के दो हाईमास्ट लाइट, ट्रांसफार्मर, बाह्य विद्युतीकरण एवं रोड मार्कर लगाए जाएंगे।व्यापार एवं रोजगार को मिलेगा बढ़ावा यात्रियों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड परिसर में दुकानों, ब्लॉक निर्माण, सेप्टिक टैंक, सम्प टैंक एवं इंटेक्स निर्माण का प्रावधान किया गया है। इससे न केवल यात्रियों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया महापौर रामू रोहरा ने कहा कि हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण धमतरी शहर की वर्षों पुरानी मांग थी। इसके निर्माण से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तथा शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नगरोत्थान योजना के तहत प्रस्तावित यह हाईटेक बस स्टैंड जिले के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगा। शासन की मंशा केअनुरूप निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाएगा।
0 Comments