धमतरी-
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को धमतरी जिले के कुरूद एवं मगरलोड विकासखंड में संचालित विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नारी पुल से परसट्टी मार्ग (लंबाई 3.50 किलोमीटर), गाड़ाडीह से परखंदा–गुदगुदा–नारी मार्ग (लंबाई 12.20 किलोमीटर), उमरदा चौक एक्सप्रेस-वे मार्ग तथा भेंडरी में नवनिर्मित महतारी सदन का अवलोकन किया।

 उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, लेवलिंग, चौड़ाई एवं फिनिशिंग कार्यों की बारीकी से जांच की।कलेक्टर  मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए जहां आवश्यक हो, वहां त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।भेंडरी स्थित नवनिर्मित महतारी सदन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता  चहल, जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी  दिव्या ठाकुर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।