कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए जिले में व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। धमतरी जिले की 74 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 100 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।इस वर्ष जिले में कुल 1,29,351 किसानों का 1,26,875.62 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है। इनमें 74,106 सीमांत, 52,810 लघु तथा 2,436 दीर्घ कृषक शामिल हैं। पंजीकृत किसानों में से 15 नवंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक कुल 65,891 किसानों से 3,15,872.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।धान खरीदी की राशि का भुगतान किसानों को लगातार किया जा रहा है। अब तक 58,360 किसानों को कुल 663.53 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।धान खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी 100 उपार्जन केंद्रों पर जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो प्रति सप्ताह व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उड़नदस्ता टीम गठित की गई है। अंतरराज्यीय अवैध धान परिवहन रोकने के लिए ओडिशा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद एवं सांकरा में चेक पोस्ट स्थापित कर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।धान के मिलिंग कार्य के लिए जिले में अब तक 169 राइस मिलों का पंजीयन किया गया है। इनमें से 160 राइस मिलों को 8,00,208 मीट्रिक टन धान उठाव की अनुमति दी गई है, जिनमें 7,17,488 मीट्रिक टन धान का अनुबंध हो चुका है। अब तक 98 राइस मिलों द्वारा 86,254.60 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री मिश्रा के सख्त निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। उड़नदस्ता दलों द्वारा अब तक मंडी अधिनियम 1972 के तहत 126 प्रकरण दर्ज कर 6,907.70 क्विंटल धान एवं 2 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उल्लंघन के प्रकरणों में 22,866.80 क्विंटल धान जब्त कर संबंधित मामले न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अवैध भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments