प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर अभिनाश मिश्रा के निर्देश पर ग्राम पंचायत बनबगौद के कमार बस्ती क्षेत्र में नवनिर्मित लट्टीडेरा से सिरोदकला तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता की तत्काल स्पॉट जाँच कराई गई।जाँच के लिए मुख्य कार्यपालन अभियंता, पीएमजीएसवाई योगेश आनंद स्वयं तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों की उपस्थिति में सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की सील जाँच मौके पर ही पारदर्शी तरीके से की गई।तकनीकी परीक्षणों में बिटुमेन की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई, वहीं मेटल की ग्रेडिंग भी संतोषजनक रही। जाँच में यह स्पष्ट हुआ कि सड़क की गुणवत्ता तय तकनीकी मापदंडों पर खरी उतरती है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक एवं आयुक्त मनरेगा तारण प्रकाश सिन्हा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सड़क के कुछ हिस्सों में सुधार के निर्देश दिए थे। शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन ने बिना विलंब उसी स्थल पर दोबारा तकनीकी परीक्षण कराकर स्थिति की पुष्टि की।ग्रामीणों के समक्ष मौके पर कराई गई इस जाँच से न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता सामने आई, बल्कि जनविश्वास भी मजबूत हुआ। ग्रामीणों ने खुले मंच पर की गई गुणवत्ता जाँच की सराहना की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बन रही अधोसंरचनाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी, नियमित परीक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित की जाती रहेगी।
0 Comments