कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर ने गुरुवार को मगरलोड विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान वे ग्राम भेण्डरी पहुंचे, जहां सतनामी पारा में नवनिर्मित रंगमंच का विधिवत लोकार्पण किया गया।बाजार चौक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि कुरूद विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। उन्होंने बताया कि करेली में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के प्रारंभ होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के बेहतर संस्थान विकसित हो चुके हैं और अब नई सोच के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।इस अवसर पर भेण्डरी बाजार चौक में टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव में आवश्यक सभी विकास कार्य चरणबद्ध रूप से पूरे किए जाएंगे।कार्यक्रम उपरांत विधायक अजय चंद्राकर ने स्वर्गीय नीलकंठ सिन्हा की माता के निधन पर उनके परिजनों से भेंट कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद वे ग्राम हसदा पहुंचे, जहां टीन शेड निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष बीरेंद्र साहू, सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल, जनपद सदस्य विनीता संतशरण साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, पूर्व सरपंच प्रीतराम देवांगन, श्याम साहू, राजेश साहू, होरीलाल साह, उपसरपंच राधे पटेल, सोसाइटी अध्यक्ष हेमंत साहू, नीलकंठ जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
0 Comments