धमतरी-
31 दिसंबर एवं नववर्ष1 जनवरी तथा मंडई पर्व के मद्देनज़र धमतरी पुलिस ने जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी एवं यातायात प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर सभी आवश्यक तैयारियों की गहन समीक्षा की।
बैठक में वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी श्री परिहार ने कहा कि त्योहारों एवं नववर्ष समारोह के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका रहती है, ऐसे में पुलिस को पूरी सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सादी वर्दी में जवानों की तैनाती, निरंतर गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश देते हुए ज्ञात बदमाशों की सूची का पुनरीक्षण कर उनके विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुराने विवाद वाले क्षेत्रों, बाजारों, चौक-चौराहों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।नववर्ष के दौरान होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट, लॉज एवं फार्महाउस में बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सख्त किया गया है। ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई, ब्रीथ एनालाइजर से जांच, ओवर स्पीड, स्टंट, बिना नंबर प्लेट वाहनों एवं तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कोलाहल अधिनियम तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्य मार्गों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी। कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड में रखते हुए सभी थानों से निरंतर फीडबैक प्राप्त करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।न्यू ईयर पार्टी एवं अन्य आयोजनों को लेकर कार्यक्रम स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल सुविधा, समय-सीमा के पालन एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।धमतरी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, यातायात नियमों का पालन करें तथा नशीले पदार्थों से दूर रहें।समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मणिशंकर चंद्र,  शैलेंद्र पांडेय, सीएससी  अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद  रागिनी मिश्रा, डीएसपी  मीना साहू, एसडीओपी नगरी  विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक  दीपक शर्मा सहित समस्त थाना, चौकी, यातायात, साइबर एवं कंट्रोल रूम प्रभारी उपस्थित रहे।धमतरी पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु हर स्तर पर सख्त, संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी।