धमतरी।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी की असीम कृपा तथा नगरवासियों के सहयोग से नगर पंचायत आमदी के राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामायण मेला महोत्सव एवं वृद्धजन-वरिष्ठजन सम्मान समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक  रंजना दीपेंद्र साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।नगर पंचायत आमदी आगमन पर आयोजक समिति एवं नगरवासियों द्वारा रंजना साहू का आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने सर्वप्रथम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंचस्थ श्रीराम कथा मंडली द्वारा प्रस्तुत श्रीराम कथा, भजन-संगीत एवं व्याख्यान का उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भावविभोर होकर श्रवण किया।
इस अवसर पर समाज के वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया, जिससे आयोजन का सामाजिक सरोकार और अधिक सशक्त रूप में सामने आया।श्रीराम कथा के उपरांत अपने संबोधन में रंजना साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और सेवा का प्रतीक है। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला महान ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों से गुजर रहा है, तब श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, संस्कारित और समरस समाज का निर्माण संभव है।उन्होंने आगे कहा कि वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से ही आने वाली पीढ़ियां सही दिशा प्राप्त करती हैं। ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को अपने बुजुर्गों के प्रति आदर एवं कर्तव्य का बोध कराते हैं। साहू ने नगर पंचायत आमदी एवं आयोजन समिति को इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पंचायत आमदी की अध्यक्ष ज्योति मुरलीधर साहू ने कहा कि रामायण मेला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। नगर पंचायत आमदी द्वारा नगरवासियों के सहयोग से इस आयोजन को हर वर्ष निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, जो गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की नींव हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। नगर पंचायत संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक दायित्वों के संरक्षण हेतु सदैव प्रतिबद्ध रहेगी। ज्योति साहू ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पंचायत आमदी के उपाध्यक्ष कोमल यादव, पूर्व अध्यक्ष हेमंत माला, पूर्व उपाध्यक्ष तेजराम साहू, भाजपा वरिष्ठ नेता नीलकंठ साहू, अवध साहू, उमानंद कुंभकार, सुनीता कृपाल साहू, जागेश्वर नेताम, सरिता साहू, त्रिभुवन मटियारा, नारायण मटियारा, लक्ष्मी जितेंद्र पटेल, संतोषी साहू, किरण साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।