दुकानों के आवंटन में पक्षपात और अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन
धमतरी। विकासखंड कुरूद की ग्राम पंचायत कोर्रा में नवनिर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के दुकान आवंटन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने कार्यवाहक सरपंच एवं पंचों पर कथित भ्रष्टाचार, अवैध धन की मांग और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि करीब 50 वर्षों से व्यवसाय कर रहे परसराम साहू को दुकान आवंटन का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 50 हजार रुपये की कथित मांग पूरी नहीं करने पर उनका नाम सूची से हटा दिया गया। इसी तरह आनंद साइकिल स्टोर के संचालक आनंद राम साहू और कपड़ा व्यवसायी शिवकुमार साहू (भोला) का नाम भी राजनीतिक द्वेष के चलते काटने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने पंचायत में सरपंच पद से पूर्व निर्वाचित सरपंच को हटाने की प्रक्रिया तथा उपसरपंच चोवा राम साहू को प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार सौंपने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रभार सौंपने के लिए सक्षम प्राधिकारी का स्पष्ट आदेश उपलब्ध नहीं है। पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
जनदर्शन में टिकेश्वर साहू, यशवंत साहू, लक्ष्मीकांत साहू, परस साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि समय पर जांच और कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।