बिरेझर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, 13.49 ग्राम शुद्ध वजन के 146 नग हीरे जब्त
धमतरी,। बिरेझर पुलिस चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम ने अवैध खनिज संपदा की खरीद-फरोख्त के मामले में एक आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 146 नग बहुमूल्य हीरेनुमा पत्थर बरामद किए हैं। जब्त पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम तथा शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद अग्रवाल (64), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पॉलीथीन में रखे 146 नग सफेद, चमकीले एवं पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना बताया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय कुरूद में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।