धमतरी, 11 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर धमतरी जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जिला मुख्यालय स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर, गंगरेल के मां अंगारमोती मंदिर, कुरूद के छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर और नगरी के मां शीतला माता मंदिर में भक्त दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।धमतरी शहर के मध्य स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर को बिलाई माता मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यह जिले के प्राचीन और प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। जनश्रुति के अनुसार, यहां माता की प्रतिमा स्वयंभू रूप में प्रकट हुई थी। मंदिर से जुड़ी लोककथा में बिल्लियों का उल्लेख मिलता है, जिसके कारण इसे बिलाई माता मंदिर कहा जाने लगा। ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, वर्ष 1825 में चंद्रभागा पंवार ने मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। चैत्र और शारदीय नवरात्रि में यहां ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं। मंदिर परिसर की प्राचीन बावली भी इसकी ऐतिहासिक पहचान का हिस्सा है।गंगरेल बांध के समीप स्थित मां अंगारमोती मंदिर को स्थानीय लोग 52 गांवों की अधिष्ठात्री देवी मानते हैं। विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर श्रद्धालु यहां आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। स्थानीय परंपरा के अनुसार, गंगरेल बांध निर्माण के दौरान पुराने मंदिर क्षेत्र के प्रभावित होने के बाद माता की स्थापना वर्तमान स्थल पर की गई। नवरात्रि में यहां विशेष पूजा-अर्चना और मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की जाती है। दीपावली के बाद होने वाली देव मड़ई में 52 गांवों के देवी-देवताओं की सहभागिता इस क्षेत्र की विशिष्ट परंपरा है।कुरूद का छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर प्रदेश की अस्मिता, मातृभूमि और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है। नवरात्रि में श्रद्धालु यहां प्रदेश की उन्नति और समृद्धि के लिए पूजा करते हैं। यह स्थल लोगों को अपनी भाषा, लोकसंस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी करता है।नगरी स्थित मां शीतला माता मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। लोकमान्यता में मां शीतला को आरोग्य और जनकल्याण की देवी माना जाता है। नवरात्रि के दौरान यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मंदिरों में दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी दी है।
0 Comments