धमतरी पुलिस की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने सिटी कोतवाली क्षेत्र के विंध्यवासिनी वार्ड निवासी आदतन बदमाश महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर (40) के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। आदेश के तहत उसे 7 सितंबर 2026 से एक वर्ष के लिए धमतरी सहित रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव एवं गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है। निर्धारित अवधि में सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना इन जिलों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार महेश के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, आबकारी अधिनियम सहित कुल 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत की गई है।
धमतरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला बदर के लिए 5 प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें 2 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में 11 बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई हुई थी। पुलिस द्वारा अन्य सक्रिय बदमाशों के रिकॉर्ड की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।
0 Comments