मगरलोड। छठठी कार्यक्रम के दौरान युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर युवक ने एक व्यक्ति पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। मामले में मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 सितंबर की शाम ग्राम चन्द्रसुर में हुई। रायपुर निवासी पप्पू साहू अपने परिवार के साथ भांजा-दामाद के घर आयोजित छठठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी डोमेश्वर साहू (30), निवासी परसदा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद द्वारा उनकी भांजी पर कथित अश्लील टिप्पणी की गई। पप्पू साहू द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सर्जिकल ब्लेड से उनकी पीठ पर वार कर घायल कर दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत BNS की धारा 296, 115(2) एवं 118(1) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर ग्राम चन्द्रसुर स्थित स्वागत गेट के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार सर्जिकल ब्लेड व प्लास्टिक कवर बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस द्वारा की गई।