कुरूद। ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में बुधवार, 10 सितंबर को ग्राम मड़ेली (कचना), विकासखंड कुरूद में ओबीसी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, प्रदेश कार्यसमिति अध्यक्ष टिकेश्वर साहू, बामसेफ के भावसिंह डाहरे, दिनेश्वर बंजारे, भीम आर्मी एकता मिशन के जिला अध्यक्ष मिलाप साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, त्यागमूर्ति राम लखन चंदापुरी एवं शहीद चूल्हाई राम के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुआ।संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने कहा कि 10 सितंबर 1947 को त्याग मूर्ति राम लखन चंदापुरी ने पिछड़ा वर्ग को न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका, शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं उद्योग में जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी दिलाने के लिए सामाजिक न्याय के संघर्ष का शंखनाद किया था। इसी ऐतिहासिक संघर्ष की स्मृति में प्रतिवर्ष ओबीसी दिवस मनाया जाता है।पूर्व विधायक लेखराम साहू ने समाज से अपने वोट और आर्थिक संसाधनों को समाजहित में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम तथा जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदेश कार्यसमिति अध्यक्ष टिकेश्वर साहू ने सामाजिक एकता एवं संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। मिलाप साहू ने युवाओं से संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित होने का आह्वान किया। भावसिंह डाहरे और नारायण साहू ने सामाजिक न्याय एवं ओबीसी जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।कार्यक्रम का संचालन चेतन साखरे, युवराज एवं शैलेन्द्र साहू ने किया। समापन पर उपस्थितजनों को नाश्ता एवं सेव-बूंदी वितरित कर ओबीसी दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
0 Comments