धमतरी, 4 सितंबर 2026। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुंडी में शराब पीने से मना करने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गुस्साए पति ने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पति को मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, घटना 2 सितंबर की रात की है। ग्राम भैंसमुंडी निवासी चम्मन लाल साहु (36) शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर उसका पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया और प्रार्थी तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस टीम ने आरोपी चम्मन लाल साहु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए हैं।वहीं आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।मगरलोड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर रूप से घायल महिला के मामले में आरोपी के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस ने आमजन से घरेलू विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा नहीं लेने और किसी भी प्रकार की हिंसा या आपराधिक घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।