धमतरी, । जिले में लगातार बारिश और जलाशयों में बढ़ती आवक को देखते हुए प्रशासन ने महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। गंगरेल जलाशय का जलभराव 96.17 प्रतिशत पहुंच गया है, जबकि यहां 4,342 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई। मुरूमसिल्ली में 98.49, दुधावा में 83.56 और सोढ़ुर जलाशय में 69.25 प्रतिशत जलभराव है।
आगामी बारिश की संभावना को देखते हुए गंगरेल जलाशय के दो गेटों से करीब 4,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 2,000 क्यूसेक महानदी मुख्य नहर और 2,000 क्यूसेक महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है। इससे नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए तटीय गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निचले व संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी, मुनादी और सूचना तंत्र मजबूत रखने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी को पार न करने तथा प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
0 Comments