धमतरी, । जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप तैयार जिला स्तरीय कार्ययोजना और प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में PAI-2.0 के थीमवार स्कोर के आधार पर कम प्रगति वाले क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता वाले कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने पर जोर दिया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, अधोसंरचना, सामाजिक विकास और सुशासन से जुड़े कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।
सामान्य सभा में अनटाइड एवं टाइड मद से कराए जाने वाले कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय संसाधनों का उपयोग पारदर्शी, आवश्यकता आधारित और जनहित की प्राथमिकताओं के अनुरूप करने पर सहमति बनी।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा ने स्वीकृत कार्यों के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कार्ययोजना, PAI-2.0 के थीमवार स्कोर और 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित जिला पंचायत सदस्य, लेखाधिकारी चंदन टंडन, उपसंचालक पंचायत नकुल प्रसाद वर्मा एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।