धमतरी-
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धमतरी से मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिलाध्यक्ष के मार्गदर्शन में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय व्यवस्थाओं में सुधार और कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।संघ की ओर से जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को विभाग द्वारा पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।इसके साथ हीशासकीय आवासों का आबंटन वरिष्ठता के आधार पर किए जाने की बात कही गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि जिन संविदा कर्मचारियों को शासकीय आवास आबंटित हैं, उनसे बाजार दर के अनुसार विभागीय वसूली सुनिश्चित की जाए।  बैठक में डीटीसी के कार्यभार को लेकर भी चर्चा हुई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उक्त जिम्मेदारी समकक्ष योग्यता रखने वाले कर्मचारियों को ही दी जानी चाहिए, ताकि कार्य व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।