धमतरी, शासकीय हाई स्कूल लोहारसी ने इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर जिले में नई मिसाल कायम की। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को सम्मानित किया।
कलेक्टर ने प्राचार्य  एम.डी. दास सहित उत्कृष्ट शिक्षकों तथा टॉप तीन विद्यार्थियों—कुमारी हीरा, दानिश कुमार और लोकिता—को शील्ड, मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने इसे सामूहिक प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर अध्ययन और सह-पाठ्य गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों से बच्चों को संस्कारयुक्त वातावरण देने और नशे व स्क्रीन की लत से दूर रखने की अपील की।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और फसल विविधीकरण पर भी जोर दिया गया। साथ ही गांव के विकास हेतु सड़क चौड़ीकरण, गोदाम निर्माण, गौरव पथ एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत मूर्तिकारों को उपकरण उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।