धमतरी मगरलोड जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम बुड़ेनी में मूंगफली की खेती किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में की जा रही इस पहल का निरीक्षण करने आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा स्वयं गांव पहुंचे।
कलेक्टर ने खेतों में जाकर फसल की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता और किसानों को हो रहे आर्थिक लाभ का विस्तृत आकलन किया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के करीब 113 किसान रबी सीजन में तिलहनी फसलों को अपनाते हुए मूंगफली की खेती कर रहे हैं। साथ ही लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में सब्जी उत्पादन भी किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय के स्रोतों में विविधता आई है। स्थानीय किसानों के अनुसार मूंगफली का औसत उत्पादन 7 से 8 क्विंटल प्रति एकड़ हो रहा है, जिसे बाजार में करीब 5,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा जा रहा है। इससे किसानों को पारंपरिक फसलों की तुलना में बेहतर लाभ प्राप्त हो रहा है। दौरे के दौरान कलेक्टर ने किसान श्री टिकेश साहू के खेत में पहुंचकर आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग की सराहना की। उन्होंने बीज उपलब्धता, अनुदान एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र किसानों को समय पर सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम स्थित दुग्ध संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर दुग्ध उत्पादन, संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और फसल विविधीकरण ही किसानों की आय वृद्धि का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने मूंगफली जैसी तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों को बेहतर बाजार मूल्य भी मिलेगा। शासन का लक्ष्य है कि किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण बीज और योजनाओं का पूरा लाभ मिले, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।