धमतरी- 
देश की सबसे प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर धमतरी जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले युवा अधिकारी डायमंड सिंह ध्रुव से कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने सौजन्य भेंट की।जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने अखिल भारतीय स्तर पर 623वीं रैंक हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता पर कलेक्टर ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कलेक्टर ने कहा कि डायमंड सिंह ध्रुव की यह उपलब्धि न केवल धमतरी जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।इस अवसर पर कलेक्टर ने उनसे आत्मीय चर्चा करते हुए उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, भविष्य की योजनाओं तथा पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी ली। डायमंड सिंह ध्रुव ने भी अपने संघर्ष, तैयारी की रणनीति और प्रशासनिक सेवा में आने के संकल्प को साझा किया।बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय बलराम सिंह ध्रुव मगरलोड जनपद पंचायत में करारोपण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका निधन हो चुका है। उनकी माता वर्तमान में एक शासकीय विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, जनपद पंचायत मगरलोड की अध्यक्ष दिव्या ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।