धमतरी-
थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शादी के चौथिया/परघनी कार्यक्रम के दौरान नाच-गान के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें चाकू से हमले में एक युवक की मौत हो गई तथा चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर घेराबंदी और पूछताछ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार प्रार्थी टेटकूराम निषाद अपनी पुत्री के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने मालगांव से ग्राम भोथीडीह आए हुए थे।शनिवार रात लगभग 8 बजे बाजार चौक के पास परघनी कार्यक्रम में नाच-गान चल रहा था, तभी वधू पक्ष के युवकों और बाजा बजाने वाले व्यक्तियों के बीच धक्का लगने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए एकराय होकर चंदन निषाद और तरुण ध्रुव पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल चंदन निषाद की मौत हो गई तथा अन्य घायलों का उपचार जारी है। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी चोटें आईं।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 33/26 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित पतासाजी करते हुए तोषण चक्रधारी, अभिषेक पटेल, हिनेश उर्फ हिलेश्वर, ताम्रज कंवर और गुलाब दीवान सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे में नहीं पाए गए तथा उनका कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया है।