धमतरी-
बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है, जिसकी पूर्ति में शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास की आधारशिला है और आज का युवा नई तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर अपनी प्रतिभा से देश का भविष्य गढ़ रहा है।मंत्री ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक सकारात्मक विचार व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घोषणाओं के बजाय कार्यों पर विश्वास करती है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की मांग पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक लक्ष्मण मस्तुरिया का लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें 500 सीटर नालंदा परिसर, विधि विभाग भवन, हाईटेक बस स्टैंड, प्रमुख सड़कों का उन्नयन, ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम और विद्युत स्टेशन जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अप्रैल माह से रेल सुविधा शुरू होने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम पीयूष तिवारी, महेंद्र पंडित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
0 Comments