देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने तथा विदेशी उत्पादों के अत्यधिक उपयोग से राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वदेशी की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अधिक से अधिक देश में निर्मित वस्त्रों एवं उत्पादों का उपयोग करने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि राष्ट्र का धन देश के भीतर ही बना रहता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना मात्र एक उपभोग की आदत नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारा नैतिक और राष्ट्रीय कर्तव्य है।कलेक्टर मिश्रा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, योग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में शिक्षा सर्वोपरि है और इसे पूरी निष्ठा, लगन एवं ईमानदारी से पूर्ण करना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर, चुने गए क्षेत्र में निरंतर परिश्रम और सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का संदेश दिया। विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में आयोजित मासिक परीक्षा का अवलोकन करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन एवं बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने हेतु प्राचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 Comments