धमतरी-
जनपद पंचायत मगरलोड में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा शासकीय धन के गबन का गंभीर मामला उजागर हुआ है। आरोपी ने शासकीय चेक चोरी कर फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से कुल 8 लाख 52 हजार 795 रुपये की राशि का गबन किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।दिनांक 16 जनवरी 2026 को जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा थाना मगरलोड में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर धमेन्द्र साहू द्वारा गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं धोखाधड़ी की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी ने जनपद पंचायत कार्यालय के 06 नग शासकीय चेक चोरी किए तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर के फर्जी हस्ताक्षर कर उक्त चेकों के माध्यम से 8,52,795 रुपये की राशि को अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं एक्सिस बैंक के खातों में आरटीजीएस के जरिए स्थानांतरित कर आहरण किया और स्वयं उपयोग में लिया।प्रकरण में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 15/2026 अंतर्गत धारा 305(ई), 318(4), 338, 336 एवं 340 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की भैसमुंडी एवं मेघा शाखा से लेन-देन से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए गए। आरटीजीएस हेतु आरोपी द्वारा फर्जी हस्ताक्षर से जारी पत्रों की जांच तथा आरोपी के एसबीआई खाते की बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल के परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 01 जुलाई 2025 से 03 जनवरी 2026 के मध्य आरोपी के खाते में कुल 8,22,795 रुपये की राशि अंतरित हुई थी।आरोपी के मेमोरेंडम कथन में उसने स्वीकार किया कि उक्त शासकीय राशि को उसने ऑनलाइन गेमिंग ऐप “LM एप्लीकेशन” के माध्यम से खर्च किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल फोन जप्त किया गया। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धन के दुरुपयोग एवं वित्तीय अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।