पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक ही दिन में दो प्रभावी कार्रवाइयाँ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब एवं अन्य सामग्री जब्त कर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है।मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा त्वरित दबिश दी गई। प्रथम कार्रवाई पोस्ट ऑफिस वार्ड धमतरी में की गई जहाँ आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 नग देशी प्लेन शराब 21 नग देशी मसाला शराब तथा एक रेंजर साइकिल बरामद की गई। जब्त कुल अनुमानित कीमत 4,480 रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी श्रीराम ध्रुव पिता सोनार ध्रुव उम्र 39 वर्ष निवासी मकेश्वर वार्ड धमतरी है।इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई गोलू ढाबा के पास सिहावा रोड धमतरी में की गई। मौके पर आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 4 बोतल बीयर तथा 7 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 2.530 रुपये आँकी गई है। इस प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी कौशलराव रणसिंह पिता सुभाष राव उम्र 52 वर्ष निवासी मराठा पारा धमतरी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर और सख्ती के साथ जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों सेअपील की गई है कि अवैध शराब या नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
0 Comments