शिक्षा, महिला एवं ग्रामीण विकास भाजपा की प्राथमिकता रंजना साहू
धमतरी।
ग्राम गुजरा में जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
लोकार्पण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम गुजरा में आंगनबाड़ी केंद्र, बाजार शेड निर्माण, साहू समाज भवन में शेड निर्माण, प्राथमिक शाला भवन में प्रार्थना शेड तथा हाई स्कूल भवन में आहता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही शिक्षा, सामाजिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजना साहू ने कहा कि ग्राम गुजरा में संपन्न हुए ये विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं। आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों एवं महिलाओं को सुविधा मिलेगी, विद्यालय परिसरों में प्रार्थना शेड एवं आहता निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिलेगा, वहीं बाजार शेड से ग्रामीणों की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास है। पार्टी की सोच गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर आधारित है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारा संकल्प है। ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास के बिना प्रदेश और देश का विकास संभव नहीं है।रंजना साहू ने ग्रामवासियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से गांव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत की सरपंच दुर्गेश्वरी खिलेश्वर साहू ने अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में जनपद सदस्य फागेश्वरी साहू, ग्राम पटेल नंदलाल पटेल, गौकरण साहू, रेखराम साहू, पूर्व जनपद सदस्य जानकी साहू, उपसरपंच सुनील कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
0 Comments