धमतरी-
छत्तीसगढ़ में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 08 नवीन साइबर थानों का शुभारंभ किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत धमतरी साइबर थाना का भी उद्घाटन किया गया।धमतरी साइबर थाना की स्थापना से जिले में ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी एवं डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव होगी। साथ ही पीड़ित नागरिकों को तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल युग में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए यह व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
 जिससे आम जनता का विश्वास और सुरक्षा दोनों सुदृढ़ होंगे।पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन अपराध या संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, साइबर थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।