धमतरी। जिले के सिहावा - नगरी वनांचल क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। वीडियो में एक भालू मंदिर परिसर में दाखिल होता दिखाई दे रहा है और कुछ देर तक शिवलिंग के पास मंडराता रहता है। यह दृश्य तड़के सुबह का बताया जा रहा है, जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। घटना देवपुर क्षेत्र की शासकीय जेडी कॉलोनी की है, जहां कुछ माह पहले ही कॉलोनीवासियों ने आपसी सहयोग से एक छोटा शिव मंदिर स्थापित कराया था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे भालू अचानक कॉलोनी परिसर में पहुंचा। वीडियो में देखा जा सकता है कि भालू रेलिंग को पार कर मंदिर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचता है और वहां रखे एक डिब्बे का ढक्कन खोलने की कोशिश करता है। काफी देर प्रयास के बाद जब उसे कुछ हाथ नहीं लगता, तो वह वापस लौट जाता है। इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में रखा तेल या खाद्य सामग्री भालू को आकर्षित कर लाई होगी। वन्यजीवों के व्यवहार को जानने वाले लोग मानते हैं कि भोजन और पानी की तलाश में भालू का बस्ती की ओर आना असामान्य नहीं है, खासकर तब जब इलाका जंगल से सटा हो। गौरतलब है कि जेडी कॉलोनी और देवपुर क्षेत्र में वन्यप्राणियों की मौजूदगी पहले भी देखी जा चुकी है। कुछ दिन पहले यहां भालू के अलावा तेंदुए की हलचल की भी सूचना मिली थी। कॉलोनी पहाड़ी क्षेत्र के ठीक नीचे स्थित है, जहां आसपास का इलाका भालू और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के रूप में जाना जाता है। इसी वजह से स्थानीय लोगों में दहशत भी बनी हुई है। वन विभाग का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त की जा रही है और ग्रामीणों व कॉलोनीवासियों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खुले में खाद्य सामग्री न रखें और किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन अमले को दें।