धमतरी,
। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में फर्जीवाड़ा, अनियमितता और बिचौलियों की भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।जिले में 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत 108 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी होगी। इसके लिए पांच नवीन समितियां पंजीकृत की गई हैं और आठ नए खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं, कर्मचारियों और हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध परिवहन पर होगी कार्रवाई
धान के अवैध परिवहन और कोचियों-बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए मुख्य मार्गों, बोरई सहित संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और जांच नाके स्थापित करने के निर्देश दिए गए। यह व्यवस्था दो दिनों के भीतर शुरू करने को कहा गया है। अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों और धान की जब्ती के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी पंजीयन पर भी होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों के माध्यम से किसान पंजीयन का सत्यापन कराने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धान बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। टोकन व्यवस्था में छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने तथा उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को खरीदी अवधि में नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
0 Comments