धमतरी,  जिले में लगातार बारिश से प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 25 सितंबर की सुबह 8 बजे की स्थिति में गंगरेल 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत भर चुका है।
गंगरेल में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक के बीच 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 6,000 क्यूसेक रुद्री बैराज से नहर तथा 48,950 क्यूसेक महानदी में छोड़ा जा रहा है। मुरुमसिल्ली से 7,286, दुधावा से 16,606 तथा सोदूर जलाशय से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
जलाशयों में लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए आवश्यकता अनुसार पानी निकासी बढ़ाई जा सकती है। जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने महानदी सहित नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।